राठ के मंगरौठ गांव का जर्जर संपर्क मार्ग व गुजरते बालू भरे ट्रक
- फोटो : HAMIRPUR
राठ। बुंदेलखंड के महान क्रांतिकारी दीवान शत्रुघ्न सिंह के गांव मगरौठ को जाने वाला संपर्क मार्ग दस वर्ष से जर्जर अवस्था में है। इस सड़क की मरम्मत के लिए ग्रामीण दस वर्ष से इंतजार कर रहे हैं।
स्वाधीनता संग्राम में भूदान आंदोलन के तहत अपना पूरा गांव दान करने वाले दीवान शत्रुघ्न सिंह व रानी राजेंद्र कुमारी का गांव मगरौठ उपेक्षा का शिकार है। उरई रोड से गांव तक दो किमी संपर्क मार्ग कीचड़ से भरा है। इस मार्ग से होकर मगरौठ, बिलगांव, चंदवारी, घुरौली व जिगनी के ग्रामीणों का आना जाना है। गांव के अच्छे यादव, सचिन यादव, पवन धुरिया, अरविंद कुमार, अरुण सोनी, स्वामी अहिरवार, भूपेंद्र यादव, देवेंद्र कुमार, आशिक आदि ने बताया कि दस वर्ष से जर्जर पड़ी सड़क निर्माण के लिए जनप्रतिनिधियों सहित अधिकारियों से गुहार लगा चुके हैं। दो पंचवर्षीय कार्यकाल बीतने के बावजूद दो किमी सड़क का निर्माण नहीं हो पाया। बालू भरे ट्रक निकलने से मार्ग की दशा दिन पर दिन खराब हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण न होने पर विधानसभा चुनाव में मतदान नहीं करेंगे।
लोनिवि के अधिशासी अभियंता एमएल वर्मा ने कहा संबंधित मार्ग की जानकारी करेंगे कि उनके विभाग का है या किसी अन्य का। कहा जानकारी करेंगे अगर उनके विभाग के अधीन होगा तो शीघ्र मरम्मत कराएंगे।