राठ (हमीरपुर)। पनवाड़ी मार्ग पर गिरवर गांव के पास बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वह कस्बे से मजदूरी कर बाइक से अपने गांव जा रहा था।
महोबा जिले के महोबकंठ थाने के गड़ौरा गांव निवासी राजकुमार अहिरवार ने बताया कि बृहस्पतिवार को उनका छोटा भाई देवेंद्र अहिरवार (28) मजदूरी करने राठ आया था। देर शाम बाइक से गांव लौट रहा था। गिरवर गांव के पास वह हादसे का शिकार हो गया और बाइक सहित सड़क किनारे खाई में गिर गया। खाई से बाइक की लाइट की रोशनी आने पर राहगीरों ने पास जाकर देखा और हादसे की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंचे 108 एंबुलेंसकर्मी उसे सीएचसी ले गए। जहां डॉ. कनिष्क माहुर ने उसे मृत घोषित कर दिया। राजकुमार ने बताया कि पिता बली बहादुर के नाम पर 12 बीघा कृषि भूमि है। देवेंद्र अपने तीनों भाइयों राजकुमार, रामचरन व रामकिशन के साथ खेती में हाथ बंटाते थे। कस्बा आकर मजदूरी भी करता था जिससे उसके परिवार का भरण पोषण होता था। उसकी मौत पर मां उर्मिला, पत्नी वंदना, बेटे सोहेल और बेटी नूर का रो रो कर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। (संवाद)