श्रीनगर (महोबा)। थानाक्षेत्र के ननौरा गांव में भांजे की शादी में शामिल होने आए मामा की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। घटना से शादी की खुशियां मातम में बदल गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ननौरा गांव निवासी धर्मा बरार के बेटे राहुल की सोमवार की रात मध्यप्रदेश के जनपद छतरपुर बरात गई थी। शादी में शामिल होने राहुल का मामा किशन (30) निवासी डुमरा थाना राजनगर जनपद छतरपुर आया था। देर रात सभी शादी में शामिल होकर घर लौट आए। मंगलवार की सुबह किशन का शव गांव के यूपी ग्रामीण बैंक के सामने हैंडपंप के पास पड़ा मिला। इसकी सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करते हुए परिजन से जानकारी ली। मामा की मौत की सूचना पर शादी में मनाई जा रही खुशियां अचानक गम में बदल गईं। थानाध्यक्ष जयचंद सिंह का कहना है कि घटना की जानकारी मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण स्पष्ट हो सकेंगे।