महोबा। भीषण गर्मी व तेज धूप से लोग विभिन्न बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। मंगलवार को बुखार से मासूम की मौत हो गई। पिछले 24 घंटे में 12 लोगों की हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल के वार्ड में भर्ती कराया गया। उधर, जिला अस्पताल समेत निजी क्लीनिकों में उल्टी, दस्त, पेट दर्द व बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ी है।
मंगलवार को जिला अस्पताल की ओपीडी खुलते ही मरीजों और तीमारदारों की भीड़ जुटी। पर्चा बनवाने से लेकर कक्षों में डॉक्टरों को दिखवाने के लिए मरीजों को घंटों अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। ओपीडी में डॉक्टरों ने 684 मरीजों का उपचार किया। 24 घंटें में प्रेमदेवी, रामसखी, प्रभा, जीतेंद्र, गोमती, नन्नू, सचिन, अजब सिंह, मुबीना, हेमलता, अंजलि और शनाया के बुखार, पेट दर्द आदि से ग्रसित होने पर वार्ड में भर्ती कराया गया।
वहीं थाना श्रीनगर के भंडरा गांव निवासी महेश के एक साल के बेटे रेहान को दो दिन से बुखार आ रहा था। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे जिला अस्पताल ला रहे थे लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। पिता ने बताया कि तेज बुखार से बेटे की मौत हुई है। जिला अस्पताल के सीएमएस डाॅ. सुरेश कुमार का कहना है कि तापमान बढ़ने से मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। मरीजों को बेहतर उपचार दिया जा रहा है।
तेज धूप से ऐसे करें बचाव
-सिर और शरीर को अच्छे से ढकें।
-फुल आस्तीन के कपड़े पहनें।
-गमछे, टोपी व छाते का प्रयोग करें।
-ओआरएस के साथ अधिक से अधिक पानी पिएं।
-दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक घर पर ही रहें।