मौदहा (हमीरपुर)। चाइनीज मांझा प्रतिबंधित होने के बावजूद दुकानदार चोरी-छिपे बिक्री कर रहे थे। मुख्यमंत्री के आदेश पर गुरुवार को कोतवाली पुलिस ने कस्बे में छापेमारी की। इस दौरान दो दुकानदारों को हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. दीक्षा शर्मा के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन शील्ड अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी राजकुमार पांडेय ने सभी थाना प्रभारियों को गहन चेकिंग अभियान चलाने का आदेश दिया। कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने शुक्रवार को पुलिस टीम के साथ पतंग-मांझा दुकानों पर छापा मारा। कजियाना मुहल्ले के अमित कुमार (पुत्र विनोद कुमार) और रागौल के रुकुमुद्दीन (पुत्र छिद्दू) से 18 बंडल प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बरामद हुआ। दोनों को मुचलका भरवाकर छोड़ दिया गया।
कस्बे में अरतरा चौराहा, देवी चौराहा, राहमनियां रोड व बड़ा चौराहा के आसपास भी चोरी-छिपे चाइनीज मांझा बिक रहा है। स्थानीयवासियों का कहना है कि इससे बच्चों के साथ पतंगबाजों व राहगीरों को चोट लगने का खतरा रहता है। राहमनियां रोड पर दुकानदारों ने पांडा, सिंथेटिक व डोरी मांझा बेचने की बात कही, लेकिन चाइनीज मांझे से इनकार कर दिया।
थोक विक्रेता के अनुसार, चाइनीज मांझे का डिब्बा 28 चरखी का होता है, जिसकी कीमत 700 रुपये है। एक चरखी की थोक कीमत 25 रुपये व फुटकर 35 रुपये के आसपास है।
कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पतंग उड़ाने से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए न्यायालय के आदेश पर कार्रवाई की गई है। दुकानदारों को चाइनीज मांझा न बेचने की हिदायत दी गई है।