शहर के बेतवा पुल के नीचे पड़ा माचिस से भरा ट्रक।
- फोटो : HAMIRPUR
हमीरपुर। बेतवा पुल पर शनिवार तड़के ओवरलोड मौरंग लदे ट्रक ने सामने से माचिस लादकर आ रहे ट्रक को टक्कर मार दी। इससे माचिस लदा ट्रक रेलिंग तोड़ते हुए नदी में जा गिरा और उसमें सवार दोनों चालकों की मौत हो गई। मौरंग लदा ट्रक भी रेलिंग पर जाकर लटक गया लेकिन उसके चालक व क्लीनर कूदकर भाग निकले। लटके हुए ट्रक के कारण पुल पर जाम लग गया। पुलिस ने मछुआरों की मदद से शवों को बाहर निकाला। इसके बाद दो क्रेन लगाकर लटके हुए ट्रक को हटवाकर यातायात सामान्य कराया।
सुबह करीब चार बजे कानपुर-सागर हाईवे स्थित पुल पर मौरंग लदे ट्रक ने माचिस लदे ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। इससे नदी में गिरे माचिस लदे ट्रक में सवार चालक तमिलनाडू के नामक्कल जनपद के पेरगडंलयम निवासी बेलूस्वामी (50) व पेरगंडलयम निवासी शिवराज तरुपन्ना (60) की मौत हो गई।
सीओ सदर विवेक यादव ने बताया कि काफी मशक्कत के बाद नदी से शवों को बाहर निकाला गया है। बताया कि ट्रक में लदी माचिस तमिलनाडु के धरमपुरी जनपद की एक फैक्टरी की है जो कि महोबा जा रही थी। फिलहाल चालकों के परिजनों को सूचना की गई है और लटके हुए ट्रक को भी क्रेन की मदद से हटवाया गया है। हादसे के चलते करीब डेढ़ घंटे तक पुल पर जाम की स्थिति रही। मौरंग लदा ट्रक कानपुर का बताया जा रहा है।
लोकेशन मिलते ही मौत बनकर दौड़ते ट्रक
शहर में ओवरलोड मौरंग व गिट्टी लदेे ट्रक लोकेशन मिलते ही हाईवे पर मौत बनकर दौड़ने लगते हैं। क्रशर व खदानों से ओवरलोड खनिज लादने के बाद ट्रक चालक हाईवे पर पहुंचने से पहले माफिया की मदद से परिवहन अधिकारियों की लोकेशन लेते हैं। रास्ता साफ होने की जानकारी मिलते ही जल्द से जल्द पहुंचने के चक्कर में स्पीड इतनी तेज कर देते हैं कि सामने से आने वाले वाहनों की भी परवाह नहीं करते हैं। शनिवार तड़के ट्रकों में हुई भिड़ंत के पीछे भी लोकेशन का खेल ही कारण माना जा रहा है।
शहर में हाईवे पर बेतवा पुल के ऊपर रेलिंग में फंसा मौरंग भरा ट्रक।- फोटो : HAMIRPUR

शहर के बेतवा पुल पर हाईवे में जाम में खड़े राहगीर।- फोटो : HAMIRPUR
बेलूस्वामी (फाइल फोटो)- फोटो : HAMIRPUR
शिवराज तरुपन्ना (फाइल फोटो)- फोटो : HAMIRPUR