राठ। कक्षा 11 की छात्रा ने जहरीला पदार्थ खाकर जान देने का प्रयास किया। गंभीर हालत में छात्रा को मेडिकल कॉलेज उरई रेफर किया गया है। परिजनों का आरोप है कि दूसरी बिरादरी का युवक बेटी से जबरन शादी करना चाहता है। युवक ने घरवालों को जान से मारने की धमकी भी दी थी। पुलिस को छात्रा के हाथ का लिखा सुसाइड नोट भी मिला है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने बताया कि उसकी 17 वर्षीय पुत्री कस्बे के एक कालेज में 11वीं की छात्रा हैं। गांव का ही दूसरी जाति का युवक करीब छह माह से उनकी बेटी को परेशान कर रहा था। शोहदे के डर से छात्रा परीक्षा भी नहीं दे पाई। बीती 14 अप्रैल को युवक ने छात्रा पर शादी का दबाव बनाया। जिस पर उसने अपने परिजनों को मामले की जानकारी दी।
पिता आरोपी के घर उलाहना देने पहुंचा तो युवक ने बेटी समेत पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। इससे आहत छात्रा ने शनिवार शाम घर में रखीं सल्फास की गोलियां निगल लीं। इलाज के लिए बेटी को उरई रेफर किया गया है। सीओ अभय नारायण राय ने कहा कि मामले की सूचना मिली है। इससे पहले छात्रा अथवा उसके परिजनों की ओर से भी ऐसी कोई शिकायत नहीं की गई है। मामले की जांच की जा रही है।
छात्रा ने अपने सुसाइड नोट में लिखा कि पापा जी ने युवक से शादी से मना किया था। पापा कहते हैं पढ़ाई करो, अभी शादी की उम्र नहीं है। छात्रा ने लिखा कि लड़के ने उसे धमकी दी कि यदि उससे शादी नहीं की तो वह पूरे घर को जान से मार देगा। थानाध्यक्ष के नाम लिखे सुसाइड नोट में छात्रा ने अपने घर वालों को न फंसाने की बात भी लिखी है।