मौदहा के मदारपुर को जाने वाले मार्ग को चलने लायक बनाते ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
बाढ़ व अतिवृष्टि से कई गांवों का आवागमन प्रभावित है। संपर्क मार्ग कटने और पुलिया धंसने से वाहन नहीं निकल पा रहे हैं।
मदारपुर गांव का मार्ग भी बाढ़ की चपेट में आकर पुलिया के साथ धंस गया है। इससे आवागमन बाधित होने के बावजूद लोनिवि मरम्मत नहीं करा रहा है। आवागमन की परेशानी को देखते हुए प्रधान ने अपने स्तर से प्रयास शुरू कर दिए हैं। तहसील क्षेत्र में चंद्रावल नदी, केन नदी, श्याम नदी व सिहोर नाले ने जमकर तबाही मचाई है।
बाढ़ का पानी गांवों में घुसा तो सड़कें भी जलमग्न हो गईं। इधर बाढ़ का पानी उतर चुका है लेकिन तबाही छोड़ गया है। मदारपुर गांव की सड़क भी बाढ़ की चपेट में आकर डैमेज हो चुकी है। आवागमन बाधित होने पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि गुड्डू ने ग्रामीणों के साथ प्रयास तेज कर दिए हैं। मार्ग को चलने लायक बनाने के लिए बालू से भरी हुई बोरियां व लकड़ियां डालकर कार्य को ग्रामीणों ने बखूबी अंजाम दिया है। उधर पारा से लदार जाने वाला मार्ग सिहोर नदी के पुल के निकट बुरी तरह कट चुका है और कई गांवों का आवागम नहीं हो पा रहा है। सिर्फ पैदल ही लोग गुजर पा रहे हैं। यहीं हाल अन्य मार्गों का है। जहां अभी तक लोनिवि के जिम्मेदारों ने ध्यान नहीं दिया है।