हमीरपुर। एससी एसटी के 15 साल पुराने मामले में अदालत ने फैसला सुनाया। विशेष न्यायाधीश एससी एसटी एक्ट रनवीर सिंह की अदालत ने दोषी ओम प्रकाश यादव को तीन साल कैद की सजा सुनाई है।
साथ ही 14 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया है। जुर्माना अदा न करने पर तीन माह की अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी। वहीं फैसला सुनाने के दौरान दूसरा दोषी संतोष कुमार यादव के हाजिर न होने पर कोर्ट ने उसकी फाइल अलग कर उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया है। राठ थानाक्षेत्र के सिकंदरपुरा मोहल्ला निवासी पीड़ित अरुण कुमार ने पुलिस से शिकायत की थी। बताया था कि 14 जून 2011 की दोपहर लगभग तीन बजे वह, उनका बेटा नरेंद्र कुमार और बहू मीरा घर पर बातें कर रहे थे।
इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर मोहल्ले के ओम प्रकाश यादव व उसका बेटा राकेश कुमार व दो अज्ञात लोग घर आ धमके। ओमप्रकाश ने तमंचा दिखाते हुए जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए कहा कि उसका बहुत नुकसान हुआ है। 50 हजार रुपये दे दे, नहीं तो वह उसे गोली मार देगा। संताेष उर्फ राकेश कुमार ने उसको झापड़ मार दिया।
चारों गाली गलौज व जानमाल की धमकी देते हुए चले गए। पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ एससी एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्जकर आरोप पत्र कोर्ट में पेश किया था।