विचाराधीन बंदी की सूचना पर जिलाधिकारी संध्या तिवारी ने प्रशासनिक अमले के साथ जिला कारागार में छापेमारी की। बैरकों के निरीक्षण में तीन मोबाइल, एक कैंची व उस्तरा बरामद किया गया। प्रतिबंधित सामान मिलने पर जिलाधिकारी ने बताया कि जिला कारागार के खिलाफ शासन को लिखा गया है।
शनिवार की सुबह जिला कारागार में निरुद्ध एक बंदी ने मोबाइल के जरिए मीडिया और जिलाधिकारी को सूचना दी। कहा कि जेल के एक अधिकारी ने उससे कहा कि एक बंदी उसकी हत्या करने की योजना बना रहा है। वह उसकी हत्या कर दे, नहीं तो वह उसे मार डालेगा।
मोबाइल पर जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी संध्या तिवारी पूरे प्रशासनिक अमले के साथ जिला कारागार जा धमकी। निरीक्षण में बंदियों के बैरकों से तीन मोबाइल फोन के साथ एक कैंची व उस्तरा भी बरामद किया। मोबाइल मिलते ही प्रशासनिक अमले के होश उड़ गए।
निरीक्षण के समय एसपी डीपी सिंह, एएसपी आदित्य प्रकाश, एडीएम डा. राजेश कुमार प्रजापति, एसडीएम राजेश वर्मा, सीओ सदर बीएन राय आदि मौजूद थे। बताते हैं कि बंदी की सुरक्षा के लिहाज से उसे सुरक्षित बैरक में अलग कर दिया गया है।
इस बारे में जब एसपी डीपी सिंह से बात की गई तो उन्होंने डीएम से बात करने की बात कही। जिलाधिकारी ने इस मामले में कहा कि सूचना पर उन्होंने जिला कारागार का निरीक्षण किया है। बताया कि मोबाइल सहित अन्य प्रतिबंधित सामान मिलने पर शासन को जिला कारागार के अधिकारियों के खिलाफ लिखा गया है।