राठ कोतवाली के धनौरी गांव में बुधवार दोपहर एक कुएं में गिरे ऊंट और उसके
मालिक को निकालने के लिए प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस और ग्रामीण आधी रात तक
डटे रहे। कडी मशक्कत के बाद जेसीबी मशीन कुएं को खोद सकी। रात करीब 11 बजे
ऊंट और मालिक मृत अवस्था में निकाले जा सके।
ज्ञात हो कि बुधवार दोपहर राजस्थानी रेशम
सिंह अपनी मासूम पुत्री मीना के साथ ऊंट पर बैठ किसानों के खेतों में खड़ी
फसल की रखवाली कर रहा था। एक खेत में रेशम सिंह को नील गायों का झुंड दिखा।
इस पर रेशम सिंह और उसकी पुत्री मीना ऊंट पर बैठ कर नीलगायों के झुंड के
पास जाने लगे।
धनौरी गांव निवासी फकीरा बापू के खेत से गुजरने के दौरान
वहां बने एक अंधे कुएं में अचानक ऊंट गिर गया था। मौके पर मौजूद ग्रामीणों
ने कुएं में उतर कर किसी तरह मासूम मीना को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
लेकिन कुएं की चौड़ाई कम होने के कारण ग्रामीण ऊंट और उसके मालिक रेशम
सिंह को नहीं निकाल सके।
शाम करीब 5 बजे एसडीएम रामअक्षयवर सिंह, सीओ
सीताराम ने मौके पर पहुंच कुएं में पडे़ ऊंट और उसके मालिक को निकलवाने का
काफी प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली तो एसडीएम ने तत्काल जेसीबी मशीन
मंगवाकर कुएं के पास खुदाई शुरू करा दी। कडी मशक्कत के बाद रात करीब 11 बजे
ग्रामीण और प्रशासनिक अधिकारी मृत अवस्था में ऊंट और उसके मालिक रेशम को
निकालन पाए।