डीएम को ज्ञापन देती आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां।
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यालय के पुराना बेतवा घाट आंगनबाड़ी केंद्र की सहायिका की हार्ट अटैक से मौत हो गई। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने उसके परिवार की आर्थिक स्थिति खराब होने का हवाला देते हुए पुत्रियों को मदद दिलाए जाने के साथ नौकरी देने की मांग की है। आंगनबाड़ी संघ ने जिलाधिकारी को ज्ञापन साैंपा। जिलाधिकारी को दिए ज्ञापन में कार्यकत्रियों ने बताया कि मुख्यालय के पुराना बेतवा घाट वार्ड 13 की सहायिका सुनीता सोनकर की बीते 25 अगस्त को हार्टअटैक के चलते मौत हो गई।
बताया कि 24 अगस्त को कार्यकत्रियों व सहायिकाओं की नगर पालिका में हौसला पोषण योजना की मीटिंग हुई, जिसमें विभागीय कार्यों को और बढ़ाए जाने की बात कही गई थी। बताया कि इस केंद्र में आंगनबाड़ी कार्यकत्री नहीं है। उसे अतिरिक्त काम करना पड़ रहा था। इनका कहना था कि अधिकारी भी काम को लेकर उस पर दबाव बनाते थे, जिससे वह मानसिक तनाव में थी।
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि मृतका के तीन पुत्रियां हैं, जो बेसहारा हो गई हैं। ऐसी स्थिति में मामले की जांच कराकर उसकी पुत्रियों को आर्थिक सहायता व नौकरी दी जाए। ज्ञापन देते समय संघ की अध्यक्ष कामिनी मिश्रा, ऊषादेवी, अनीसा खातून, राजकुमारी, अंजूरानी, सुशीलादेवी, सरोज, रुचि साहू, सलमा, अंगूरी आदि मौजूद रहीं।