भेड़ी गांव में मासूम की मौत पर रोते बिलखते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
सरीला ब्लाक क्षेत्र के भेड़ी गांव में फैली संक्रामक बीमारी से एक मासूम की मौत हो गई। इस घटना से गांव के लोग दहशतजदा हैं। गांव में लगभग हर घर में लोग बुखार जैसी बीमारी की गिरफ्त में हैं।
भेड़ी निवासी रमेश अहिरवार की छह वर्षीया बेटी रेशमा को गुरुवार शाम बुखार आया। परिजन उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि उसका शरीर अकड़ गया। रमेश ने बताया कि बेटी को लेकर वह जलालपुर के सरकारी अस्पताल पहुंचा, लेकिन रात में कोई चिकित्सक नहीं मिला। उसकी मौत हो गई। गांव में बुखार पीड़ितों की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है।
गांव में रघुवीर की पुत्रियां वंदना व लेखना, शिखा श्रीवास्तव पुत्री रविंद्र, अजय द्विवेदी पुत्र रामविलाश, भगवती पुत्री शिवपाल, कृष्णकुमार पुत्र कामता, क्योटरा डेरा मजरा निवासी रोशनी पुत्री ओमप्रकाश, रवि पुत्र महेश्वरीदीन निषाद, जसीराम की पत्नी रामकली व पुत्र ललइयां, लाल सिंह पुत्र कल्लू, शिवकांती पत्नी कल्लू, चंदरानी पत्नी ग्यासी, लल्लू पुत्र बाबूराम, किशोरी देवी पत्नी परमानंद, शिवबती पत्नी बनसवा, श्रीकिशन पुत्र तजवा, जयबाई पत्नी पच्चू बाल्मीकि सहित अन्य लोग बीमार हैं। ग्राम प्रधान अरूण द्विवेदी ने बताया कि एक मौत हो गई है और ज्यादातर लोग बीमार हैं। सरीला के एमओआईसी डा.अशोक ने बताया कि जलालपुर न्यू पीएचसी में संविदा पर चिकित्सक की नियुक्ति है जो ड्यूटी पर रोजाना आता जाता है। उन्होंने कहा कि प्रधान की सूचना पर स्वास्थ्य टीम गांव में भेजी है।