हमीरपुर/भरुआ सुमेरपुर। शारदीय नवरात्र के चौथे दिन बुधवार को भक्तों ने मां दुर्गा के चौथे स्वरूप मां कूष्मांडा की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की। शहर के प्राचीन चौरादेवी एवं गौरादेवी माता मंदिर सहित विभिन्न देवी मंदिरों में सुबह से ही दर्शनार्थियों की लंबी कतार लगी रही। वहीं डिग्गी मोहल्ले स्थित देवी पंडाल में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें बच्चों ने राधा-कृष्ण के रूप में डांस प्रस्तुत किया, जिसे देखकर मौजूद श्रद्धालु भक्ति और उल्लास में झूम उठे।
रहुनिया मैदान स्थित दुर्गा पंडाल पर सारा दिन भजन-कीर्तन होता रहा। कांशीराम कॉलोनी स्थित दुर्गा पंडाल में आरती के बाद महिलाओं ने भजन-कीर्तन किया। इस अवसर पर जय मां दुर्गा गर्ल्स कमेटी की रिंकी, सीमा, महिमा, निशा, कंचन, शीलू, स्नेहा, पलक, गुनगुन, खुशी, लक्ष्मी, दुर्गा, गुड्डी, गोमती, गीता, संपत और अनीता मौजूद रहीं। वहीं इंगोहटा के मुमुक्ष आश्रम स्थित त्रिशक्ति पीठ और काली देवी मंदिर में श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन किया। बिदोखर के पाथा देवी मंदिर, मारवाड़ी मंदिर और रामजानकी गांवटी मंदिर में भी भक्तों की आवाजाही बढ़ गई है। मवईजार सहित बिदोखर, बंडा, कल्ला और धनपुरा गांवों में मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं।