जमीन बंटवारे के विवाद में एक युवक ने बड़े भाई पर
फायर झोंक दिया। यह देख उसकी पत्नी सामने आ गई। गोली उसके गले में जा धंसी।
हमलावर बंदूक से फायरिंग करते हुए भाग निकला। जिला अस्पताल में भर्ती
महिला की हालत नाजुक है। घटना कुरारा थाना क्षेत्र के पतारा गांव की है।
पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलते ही मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
पतारा
गांव निवासी सतपाल सिंह यादव ने बताया कि घाटमपुर में अपनी बोलेरो जीप
चलाकर परिवार का भरण पोषण करता है। 31 अगस्त को उसके पिता ओंकार सिंह की
तबीयत खराब होने पर वह पतारा आया।
2 सितंबर को उसके पिता की मौत हो गई।
उसने दाह संस्कार किया। तेरहवीं कार्यक्रम को लेकर गांव में ही रुका है।
उसका आरोप है कि छोटा भाई कुंवरपाल आए दिन पिता को बंदूक दिखा कर
डराता-धमकाता था।
गुरुवार को कुंवरपाल मां राजाबाई को धमका कर बैंक से छह
लाख रुपये निकलवाने का प्रयास कर रहा था। उसने रोका तो जमीन के बंटवारे
की बात करने लगा। बात बढ़ने पर नाजायज बंदूक उठा लाया और उसे निशाना बनाकर
गोली चला दी।
तभी पास खड़ी पत्नी अंतिम (30) सामने आ गई। गोली उसके गले
में जा धंसी। वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी। हमलावर भाई फायरिंग करता हुआ भाग
गया। वह परिजनों के साथ पत्नी को जिला अस्पताल लाया।
यहां उसकी हालत गंभीर
बनी हुई है। थानाध्यक्ष शिवमोहन सिंह ने बताया कि अभी तक उन्हें तहरीर नहीं
मिली है। सतपाल का कहना है कि वह अभी पत्नी का इलाज करा रहा है। यहां से
लौटने के बाद थाने में आरोपी भाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराएगा।