सावन मास के पहले सोमवार को शिवालयों में सुबह से ही भक्तों का जमावड़ा रहा। शिवालयों में भक्तों ने भांग, धतूरा, बेलपत्र चढ़ाकर दुग्धाभिषेक किया। मुख्यालय के पातालेश्वर, संगमहेश्वर सहित अन्य शिव मंदिरों में भक्तों की खासी भीड़ रही।
सावन के पहले सोमवार को शिवलिंग के दर्शन के लिए सुबह से ही मुख्यालय के पातालेश्वर, संगमहेश्वर, हाथी दरवाजा स्थित शिवमंदिर, चौरादेवी स्थित शिवमंदिर में भक्तों की खासी भीड़ रही। भक्तों ने जलाभिषेक के साथ दुग्धाभिषेक भी किया तो कई भक्तों ने दूध, दही, भांग, बेलपत्र, फूल धतूरा आदि चढ़ाकर मन्नतें मांगी।
सुबह से मंदिराें के घंटे घड़ियाल गूंजने की आवाजें आने लगीं। संगमहेश्वर मंदिर परिसर के पास लगे मेले में भक्तों ने खरीदारी भी की। मुस्करा प्रतिनिधि के अनुसार, सावन मास में शिवजी की पूजा अर्चना के लिए कस्बा सहित ग्रामीण इलाकाें के शिवालयों में भक्तों ने साफ सफाई व आकर्षण ढंग से खूब सजाया। कस्बे मेंछह थोक स्थित चंदेली मंदिर, बस स्टैंड के तिराहे से लगे शिव मंदिर, किरन दाल मील के सामने वाले शिव मंदिर में सुबह से ही शिवभक्तों का तांता लगा रहा।
सुमेरपुर प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के सुप्रसिद्ध मानेश्वर शिव मंदिर में नारायनपुर, सौखर, देवगांव, सिमनौड़ी, टिकरौली, कारीमाटी, बड़ा गांव, पत्यौरा, पंधरी सहित कस्बे के लोग शिव मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना की। इसके साथ ही गायत्री तपोभूमि, विध्वासिनी मंदिर, पंधरी के मदारीदास बाबा मंदिर, इंगोहटा के मुमुक्ष आश्रम, बिदोखर के रामजानकी गौबटी मंदिर सहित अन्य शिव मंदिर बोले के जयकारों से गुंजायमान रहे।
सरीला प्रतिनिधि के अनुसार कस्बे के शल्लेश्वर मंदिर में पूजा करने वाले श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। तड़के से मंदिर में बेलपत्र चढ़ाने वालों की लंबी कतारें देखी गई। पहले सोमवार को संत शिरोमणि बाबा झाड़ी सरकार ने यहां पर जलाभिषेक कराया। इस दौरान कस्बे के लोग मौजूद रहे।
राठ प्रतिनिधि के अनुसार, सुबह ब्रह्म बेला से ही आस्थावानों का शिव मंदिरों में पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। ऐतिहासिक चौपरा मंदिर में भगवान भोलेनाथ को जल चढ़ाने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी। भगवान शिव को जलाभिषेक के लिए लोगों को धक्कामुक्की करनी पडी। मंदिरों में सबसे ज्यादा भीड़ महिलाओं की रही। आस्थावानों ने शिवलिंग पर जलाभिषेक कर बेलपत्र चढ़ा दूध से स्नान कराया और पूजा अर्चना की। इसी तरह से कसबे के गायत्री मंदिर, बुधौलियाना मोहल्ला स्थित काली देवी मंदिर, सिकन्दरपुरा स्थित शीतला मंदिर, औडे़रा रोड स्थित मरही माता मंदिर, शक्ति मंदिर आदि मंदिरों पर आस्थावानों ने पहुंच शिवलिंग का जलाभिषेक किया। सोमवार को व्रत रखने वाले लोगों ने शाम को अपने उपवास का पूजन कर भोजन ग्रहण किया।