हमीरपुर/मौदहा। साहब ग्राम प्रधान ने नाला तो बना दिया, लेकिन अभी तक उसे पाटा नहीं गया। आने-जाने में दिक्कत उठानी पड़ रही है। 10 बार शिकायत कर चुके, लेकिन समस्या का अभी तक समाधान नहीं हो सका है। वहीं, 15 वर्ष पूर्व बने बालिका आवासीय विद्यालय का अब तक संचालन न होने की शिकायत संपूर्ण समाधान दिवस में दर्ज कराई गई।
शनिवार को तहसील सभागार में डीएम घनश्याम मीना की अध्यक्षता में जिलास्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। मौदहा क्षेत्र के पाटनपुर गांव निवासी राजाराम प्रजापति ने संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत कर बताया कि गांव में प्रधान ने जल निकासी के प्रबंधन के लिए नाला निर्माण कराया था। इसके बाद उसे पाटना भूल गए। मानव अधिकार सुरक्षा एवं अपराध निरोधक संगठन के पदाधिकारियों ने शिकायत करते हुए बताया कि 15 वर्ष पूर्व कांशीराम कॉलोनी में जूनियर हाई स्कूल छिमौली व बालिका आवासीय विद्यालय का निर्माण कराया गया था। विभाग की अनदेखी के कारण अभी तक इसका संचालन शुरू नहीं हो पाया। रीवन निवासी रामदीन, सुरेश, रत्ती, सुंती आदि ने बताया कि आवासीय पट्टे हुए थे। इन्हें लेखपाल द्वारा नहीं नापा जा रहा है। डीएम से पट्टों की नाप कराए जाने की गुहार लगाई है।
समाधान दिवस में 37 शिकायतें दर्ज हुई। आठ शिकायतों का मौके पर निस्तारण कर सके। सबसे अधिक मामले राजस्व, पुलिस, पानी व विद्युत से संबंधित रहे।