राठ (हमीरपुर)। चरखारी रोड पर तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से 15 वर्षीय किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई। आरोप है कि किशोरी गाड़ी के नीचे फंस गई और बोलेरो चालक उसे करीब सौ मीटर तक घसीटता ले गया। किशोरी को मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया है।
चरखारी रोड स्थित नई बस्ती निवासी शिवकुमार के अनुसार, 26 अक्तूबर की सुबह करीब छह बजे उनकी बेटियां खुशी (15) और कोमल (13) अपनी सहेलियों सौम्या और रिया तथा नाना हृदेश कुमार तिवारी के साथ टहलने गई थीं। लौटते समय गलत दिशा से आई बोलेरो ने बेटियों को टक्कर मार दी। आरोप है कि खुशी गाड़ी के नीचे फंस गई जिसे चालक करीब सौ मीटर तक घसीटता ले गया। शोर मचाने पर गाड़ी में सवार लोग जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए। परिजन ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया। शिवकुमार ने आरोप लगाया कि चरखारी रोड निवासी हिमांशु, देवेंद्र, प्रेमचंद्र और संजय ने जान से मारने की नीयत से उनकी बेटी को टक्कर मारी। कोतवाल अनूप सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।