हमीरपुर। उच्च प्राथमिक विद्यालय कैथी (कंपोजिट) में मध्याह्न भोजन व्यवस्था में अनियमितताओं पर सहायक अध्यापक व प्रभारी प्रधानाध्यापक राजेश कुमार की एक वार्षिक वेतन वृद्धि तत्काल प्रभाव से रोक दी गई है। साथ ही उन्हें प्रधानाध्यापक और वित्तीय दायित्वों से तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है।
बीईओ सुमेरपुर और जिला समन्वयक (एमडीएम) की जांच रिपोर्ट के आधार पर मामले को शिक्षा निदेशक (बेसिक) के समक्ष भेजा गया था। शिक्षा निदेशक संतोष कुमार देव पांडेय ने 31 अगस्त को आदेश जारी किया था। इसमें संबंधित अधिकारियों को एमडीएम योजना और अन्य व्यवस्थाओं में पाई गई अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार शिक्षक के खिलाफ नियमानुसार विभागीय आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
आदेश के क्रम में बीएसए मुकेश खरवार ने प्रभारी प्रधानाध्यक राजेश कुमार की वेतन वृद्धि तत्काल प्रभाव से रोक दी है। उन्हें प्रधानाध्यापक और वित्तीय दायित्वों से तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है।
यह था पूरा मामला
16 मई 2026 को विद्यालय का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में मात्र 49 बच्चे उपस्थित मिले, जबकि इससे पूर्व के दिनों में मध्यान्ह भोजन पंजिका में 300 से 350 बच्चों की उपस्थिति दर्ज पाई गई थी। एक दिन की वास्तविक उपस्थिति और पंजिका में दर्ज संख्या के बीच भारी अंतर ने विद्यालय संचालन और मध्यान्ह भोजन योजना पर सवाल खड़े कर दिए। बच्चों की उपस्थिति पंजिका में हाजिरी अंकित नहीं की गई थी। वहीं, मध्यान्ह भोजन पंजिका में भोजन ग्रहण करने वाले बच्चों का भी स्पष्ट अंकन नहीं मिला।