बांदा। बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में 600 विद्यार्थियों को आधुनिक कृषि तकनीक और डेटा साइंस का प्रशिक्षण दिया गया। कृषि अभियांत्रिकी एवं तकनीकी महाविद्यालय की ओर से 14 सितंबर से आठ अक्तूबर तक आयोजित कार्यक्रम में 200 विद्यार्थियों ने ड्रोन तकनीक और 400 ने डेटा साइंस की बारीकियां सीखीं। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को तकनीक आधारित कृषि और डेटा से निर्णय लेने की प्रक्रिया में दक्ष बनाना था।
प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को फसल निगरानी, मृदा विश्लेषण, कृषि रसायनों के सटीक छिड़काव, सिंचाई प्रबंधन और फसल स्वास्थ्य के आकलन में ड्रोन के उपयोग की जानकारी दी गई। वहीं, डेटा साइंस, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और मशीन लर्निंग की कृषि में उपयोगिता बताई गई। कार्यक्रम में पूर्व कुलसचिव डॉ. सुरेंद्र कुमार सिंह मुख्य अतिथि और आईसीएआर समन्वय प्रकोष्ठ के नोडल अधिकारी डॉ. ए.के. श्रीवास्तव विशिष्ट अतिथि रहे। कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. जी.एस. पंवार और आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ के निदेशक डॉ. अजय कुमार सिंह मौजूद रहे। प्रशिक्षण में कृषि, उद्यानिकी, वानिकी, कृषि अभियांत्रिकी और खाद्य प्रौद्योगिकी महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का समन्वयन डॉ. सुनील कुमार और डॉ. गजेंद्र सिंह ने किया।