जिलाधिकारी को ज्ञापन देने जाते व्यापारी
- फोटो : amarujala
बैंकाें से कैश न मिलने से परेशान गल्ला व्यापारियों की हड़ताल तीसरे दिन भी जारी रही। इससे करीब डेढ़ लाख रुपये का राजस्व का नुकसान हुआ। वहीं मजदूरों व पल्लेदारों के सामने रोजी रोटी की समस्या खड़ी हो गई है। परेशान व्यापारियों ने मुख्यालय आकर प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
बैंक शाखाएं खाताधारकों को पर्याप्त धनराशि नहीं दे रही हैं, जिससे लोगों के सामने समस्या है। बैंकों से कैश न मिलने से परेशान होकर गल्ला व्यापार मंडल एसोसिएशन ने बुधवार से हड़ताल शुरू कर दी थी। गुरुवार को साप्ताहिक बंदी होने से कोई व्यापार नहीं हुआ। शुक्रवार को दूर दराज से अपना अनाज बेचने आए किसानों को मायूस होकर लौटना पड़ा। इसके साथ ही खरीद बिक्री न होने से आम लोगों को दाल के लिए अरहर, चना, मसूर नहीं मिल सकी। हड़ताल से मंडी में काम करने वाले करीब 500 पल्लेदार, 150 महिला मजदूर व कमीशन एजेंटों के सामने रोजी रोटी की समस्या खड़ी हो गई है। गल्ला व्यापारियों ने जिला मुख्यालय जाकर प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
एसोसिएशन ने रिजर्व बैंक से पर्याप्त कैश उपलब्ध कराए जाने की मांग की है। इस मौके पर एसोसिएशन के अध्यक्ष महेश गुप्ता, श्यामबिहारी पांडेय, सुनीत कुमार गुप्ता, कामता प्रसाद गुप्ता, विजय कुमार, बिपिन बिहारी, उमाशंकर, मदन गोपाल तिवारी, धीरज कुमार, विजय शंकर, नंदकिशोर शिवहरे, दीपक गुप्ता, सतीश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। तीसरे दिन हड़ताल जारी रहने पर मंडी समिति को खासा राजस्व का नुकसान हुआ है।