हमीरपुर। मेजर ध्यानचंद की जयंती और राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर राजकीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में हॉकी मैच खेला गया। जिसमें जनपद की छह टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रथम मैच रायल स्पोर्ट्स क्लब व मेहेर क्लब के बीच खेला गया। जिसमें रायल स्पोर्ट्स क्लब 1-0 से विजयी रहा। दूसरा मैच इस्लामियां इंटर कालेज व श्रीविद्या मंदिर इंटर कालेज के बीच खेला गया। जिसमें विद्या मंदिर 1-0 से विजयी रहा।
प्रथम सेमीफाइनल मैच श्रीविद्या मंदिर व राजकीय इंटर कालेज के बीच खेला गया। जिसमें श्रीविद्या मंदिर 2-1 से विजयी रहा। दूसरा सेमीफाइनल मैच रायल स्पोर्ट्स क्लब व स्टेडियम इलेवन के मध्य खेला गया। जिसमें रायल क्लब 2-0 से विजेता रही। फाइनल मैच रायल स्पोर्ट्स क्लब व श्रीविद्या मंदिर के बीच हुआ। जिसमें रायल स्पोर्ट्स क्लब ने 2-0 से मैच जीतकर विजेता व श्रीविद्या मंदिर उपविजेता रही। कार्यक्रम समापन पर नगर पालिका अध्यक्ष कुलदीप निषाद ने विजेता व उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। टूर्नामेंट में निर्णायक की भूमिका हामिद हुसैन, अब्दुल मतीन सिद्दीकी, सलीम अहमद, वीर यादव, आलोक सिंह, समीर, पीके ने निभाई।
टूर्नामेंट कराने में उपक्रीड़ाधिकारी दिनेश कुमार, दिलीप सचान, सुरेंद्र सचान, जितेंद्र सचान आदि का विशेष सहयोग रहा। पौथिया संवाद के अनुसार सहजना बरदहा ग्रामपंचायत के कीरतपुर में बजरंगी बाबा बैठका धाम में खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रधान विनोद निषाद ने किया। जिसमें दौड़, बैडमिंटन, खो खो, ऊंची कूद, लंबी कूद आदि खेलों का आयोजन हुआ। प्रधान ने युवकों को खेल के प्रति जागरूक कर खेल मैदान एवं खेल सामग्री जैसी समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया। निर्णायक के रूप में पवन सिंह यादव रहे। बलबीर राणा, शुगम, अंकित, शिवम, पंकज, विजय सिंह, निखिल, अनीष कुमार, विजय कुमार, मनीष, विमल, पुष्पेंद्र आदि खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया।
रंजना सिंह को मैराथन में प्रथम स्थान
हमीरपुर। शहर के मेरापुरा निवासी धाविका रंजना सिंह ने रविवार को पूना में हुई 42 किमी की मैराथन में प्रथम स्थान प्राप्त कर जनपद का नाम रोशन किया है। उन्हें मेडल के साथ ही 25 हजार का पुरस्कार मिला है। इस सफलता से कस्बे के लोगों में खुशी की लहर है। मेरापुर निवासी कंधीलाल दूधवाले की पुत्री रंजना सिंह विगत 14 वर्षों में मैराथन में प्रतिभाग कर अब तक दर्जनों बार जनपद का नाम रोशन कर चुकी हैं। रंजना सिंह इस समय झांसी में एनसीसी की 56वीं बटालियन में सेवारत हैं। रंजना सिंह की इस सफलता की खबर लगते ही स्थानीय लोगों ने उनके घर पहुंचकर उनके पिता को बधाई दी। (संवाद)