गोष्ठी को संबोधित करते जिलाधिकारी उदयवीर सिंह यादव।
- फोटो : अमर उजाला
हमीरपुर। किसान खेती के साथ साथ सब्जी की भी पैदावार करें जिससे उसकी आर्थिक स्थित मजबूत हो सके। ये बातें जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित किसान दिवस के मौके पर कहीं। जिलाधिकारी उदयवीर सिंह यादव ने कहा कि प्रगतिशील किसान अपने गांवों व आसपास के गांवों के किसानों को जागरूक करे जिससे वह भी उन्नति किस्म की खेती कर अपनी आर्थिक स्थित मजबूत कर सकें। उन्होंने किसानों से कहा कि वह खेत को कतई खाली छोड़े खरीफ के सीजन में तिल, अरहर आदि की फसलें जरूर बोएं। साथ ही किसान भाई खेती के साथ साथ सब्जी की भी पैदावार भी करें।
उन्होेंने कहा कि जो किसान बायो गैस का प्लांट लगाना चाहता हो वह उरदना गांव जाकर देख लें। बताया कि बायो गैस प्लांट के लिए घर के बाहर 10 फीट गहरा गड्ढा खोदकर उसे एक ओर से बंद कर उसमें गोबर का घोल व घरा में बचा चारा, खाना कूड़ा व पत्तियों आदि का सप्ताह में एक बार डाला जाए। इससे बायो गैस बनेगी जिससे घर का खाना बनेगा साथ इसका उपयोग जैविक खेती के करने में उपयोग होगा। इसके साथ डीएम ने किसानों को समाजवादी किसान एवं सर्वहित बीमा योजना की जानकारी दी। सीडीओ अवधेश बहादुर सिंह ने कहा कि किसान किसी भी समस्या के लिए उनसे मिल सकता है। उप कृषि निदेशक जेएन माथुर ने किसानों को बताया कि जैविक खेती के लिए प्रत्येक विकासखंड में 50 कलस्टर बनाए गए हैं। जो किसान जैविक खेती करने के इच्छुक हो वह विभाग द्वारा जारी घोषणा पत्र को भरें। किसान दिवस के मौके पर कुरारा के प्रगतिशील किसान सतीशचंद्र पालीवाल ने क्षेत्र में खराब सात ट्रांसफार्मरों को जल्द से जल्द लगवाने की मांग की। शेखूपुर के किसान केशप्रसाद मिश्रा ने किसानों को प्रशिक्षित करने के लिए कृषि वैज्ञानिक नियुक्ति करने की बात रखी। बैठक में जिला उद्योग अधिकारी नन्हेंलाल वर्मा, किसान रामसनेही साहू, जिला कृषि अधिकारी सरस तिवारी आदि मौजूद रहे।