हमीरपुर। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर व कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के सनातन धर्म, भगवान श्रीकृष्ण और करवाचौथ व्रत पर कथित टिप्पणी करने पर मामला तूल पकड़ने लगा है। मंगलवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विरोध में प्रदर्शन करते हुए शास्त्री का पुतला फूंकने की कोशिश की। हालांकि मौके पर पहुंची पुलिस ने पुतला छीन लिया।
तहसील तिराहे पर प्रदर्शनकारियों को रोकने पर सपाइयों की पुलिस से नोकझोंक हो गई। पुलिस ने पुतला छीनकर कार्यकर्ताओं से शांतिपूर्ण तरीके से शिकायत दर्ज कराने की अपील की। सपा प्रतिनिधि युगांक मिश्रा ने कार्यकर्ताओं संग कलक्ट्रेट पहुंचकर डीएम अशोक कुमार को शिकायती पत्र सौंपकर मामले में कार्रवाई की मांग की। सपा नेता ने कहा कि करवाचौथ महिलाओं की आस्था, समर्पण और पतिव्रत धर्म का प्रतीक पर्व है। इस पर कथित अपमानजनक टिप्पणी भारतीय संस्कृति, धार्मिक मान्यताओं और मातृशक्ति के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली है। आरोप लगाया कि शास्त्री ने भगवान श्रीकृष्ण और भगवान श्रीराम के बीच भेद पैदा करने की कोशिश की है। ऐसे बयानों से सामाजिक सौहार्द बिगड़ने और धार्मिक भावनाएं आहत होने की आशंका है।