भरुआ सुमेरपुर। डायट के सेवानिवृत्त चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ने सोमवार को सूना घर पाकर फंदा लगाकर जान दे दी। पिता से मिलने घर पहुंची बेटियां तब उन्हें घटना की जानकारी हुई। कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थानाक्षेत्र के पंधरी गांव निवासी शिवनारायण नामदेव (62) डायट में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर तैनात थे। बीते दो वर्ष पूर्व पद से सेवानिवृत्त हुए। कस्बा स्थित पेपर मिल के समीप बने निजी मकान में पत्नी के साथ रहते थे। रविवार को मृतक की पत्नी उषा नामदेव पंधरी गांव जाने के लिए निकली थी तभी रास्ते में एक ऑटो ने टक्कर मार दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पंधरी गांव स्थित मकान में बेटा मनोज अपनी घायल मां का इलाज करा रहा था हादसे की खबर सुनकर सोमवार को बेटियां अभिलाषा और रीना मां से मिलने गांव पहुंची। मां से मिलकर दोनों बेटियां पेपर मिल के पास बने मकान पिता का हाल खबर लेने जा पहुंची। अंदर से बंद मकान में काफी आवाज लगाने के बाद पिता ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी तो आशंका हुई। अनहोनी की आशंका को लेकर भाई मनोज को सूचना दी। आसपास के लोगों के साथ मनोज छत के रास्ते से कमरे में पहुंचा। पिता को फंदा में लटकता देख स्तब्ध रह गया। इस संबंध में एसआई संजय राय ने बताया कि मामला आत्महत्या का लग रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।