विकास खंड बिझड़ी के स्कूल अब ऑनलाइन देखे जा सकेंगे। स्कूलों की जानकारी, चित्र, स्टाफ विवरण, स्कूल विकास योजना सहित कई जानकारी ऑनलाइन देखी जा सकेगी। शिक्षा विभाग की टीम शिक्षा खंड बिझड़ी के 60 स्कूलों का औचक निरीक्षण करेगी। इस दौरान वीडियोग्राफी भी की जाएगी।
निरीक्षण अभियान 16 नवंबर से 12 दिसंबर तक चलेगा। निरीक्षण टीम में बीईईओ बिझड़ी व बीआरसीसी शामिल रहेंगे। अक्तूबर में भी 27 स्कूलों का औचक निरीक्षण हो चुका है। इस बार 14 दिनों में 60 स्कूलों की मॉनीटरिंग की जाएगी। बीआरसीसी बिझड़ी विजय हीर ने बताया कि 107 स्कूलों को ऑनलाइन के लिए 28 नवंबर तक इंटरनेट पर डाला जाएगा। मिशन में 79 स्कूलों का डाटा तैयार किया गया है।
सठवीं, जिद्धवीं, ब्राह्मणा, पैरवीं, बिझड़ी, कड़साई केंद्रों का डाटाबेस आने पर ही यह प्रक्रिया पूर्ण होगी। खंड के समस्त स्कूलों को ऑनलाइन दिखाने वाला बिझड़ी खंड पूरे देश का प्रथम खंड होगा। उन्होंने कहा कि समस्त प्राथमिक स्कूल प्रबंधन समितियों के सौ फीसदी प्रशिक्षण के लिए भी नई योजना तैयार की गई है।
इसके तहत प्रशिक्षण से वंचित प्राथमिक स्कूलों की एसएमसी के सदस्यों का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर गारली के प्राथमिक स्कूल में 24 से 25 नवंबर को लगेगा। करीब 72 फीसदी एसएमसी सदस्य प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि पहली बार बिझड़ी में नवंबर में प्राइमरी स्कूलों की एसएमसी बैठक केवल स्कूल विकास योजना विषय पर आयोजित की गई है।