प्रसिद्ध सिद्धपीठ बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में चढ़ावे के राशन घोटाले मामले में जांच शुरू हो गई है। मंदिर न्यास ने पांच सदस्यीय कमेटी गठित की है।
जांच कमेटी के सदस्य मंदिर न्यास के कर्मचारी हैं। चढ़ावे के राशन व रसीदों की जांच की जाएगी और मंदिर अधिकारी को रिपोर्ट सौंपी जाएगी।
बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध के ऑडिट के समय चढ़ावे के राशन में गड़बड़ी पाई गई है। मामला वर्ष 2013-14 का है। इसमें मंदिर में चढ़ावे की दाल, आटा, चावल की रसीदें काटी गई हैं, लेकिन न्यास के खाते में इसकी राशि जमा नहीं हो पाई है। मंदिर अधिकारी ने इसकी सूचना न्यास अधिकारियों को दी।
उपायुक्त हमीरपुर ने इस मामले में कड़ा संज्ञान लेते हुए कर्मचारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उपायुक्त ने इसकी रिपोर्ट मांगी है। मंदिर अधिकारी ने मामले में संलिप्त दो कर्मचारियों राज कुमार तथा प्रकाश चंद के खिलाफ मामला दर्ज करवा दिया है।
एसडीएम बड़सर अक्षय सूद ने बताया कि मंदिर न्यास ने मामले की जांच के लिए पांच सदस्यीय कमेटी गठित की है।
वहीं बड़सर पुलिस थाना प्रभारी बिसंभर दास ने बताया कि पुलिस ने मंदिर अधिकारी की रिपोर्ट पर दोनों कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की छानबीन जारी है।