राठ में नवरात्र के लिए मां दुर्गा की प्रतिमा को अंतिम रूप देते मूर्तिकार।
- फोटो : अमर उजाला
रविवार से शुरू होने वाले शारदीय नवरात्र को लेकर तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच गईं हैं। देवी पंडालों को सजाने संवारने का कार्य अंतिम चरण में है। वहीं पूजा अर्चना और स्थापना के लिए मां दुर्गा की प्रतिमाएं सजने लगी हैं। मूर्तिकार देवी प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने के लिए दिन रात जुटे हैं।
रविवार को देवी पंडालों में मां के जयकारों की गूंज सुनाई देने लगेगी। देवी पंडालों में स्थापित होने वाली मां दुर्गा की प्रतिमाओं को मूर्तिकार अंतिम रूप देने के लिए दिन रात एक किए हैं। इस बार कस्बे के खुशीपुरा, सिकंदरपुरा, भटियाना, मियांपुरा, बड़े मंदिर, रानी गेट, कोटबाजार, लुधियातपुरा, चरखारी रोड, अंबेडकर चौराहा, उरई बस स्टैंड, अतरौलिया सहित क्षेत्र के करीब पांच दर्जन से अधिक स्थानों पर मूर्ति स्थापित होंगी।
मां दुर्गा की प्रतिमा को स्थापित करने के लिए जगह-जगह सुंदर पंडाल बनाए जा रहे हैं। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में मां दुर्गा की प्रतिमाओं को स्थापित करने के लिये जगह-जगह पंडाल लगाए गए। बिहूनी गांव निवासी मूर्तिकार रमेश ने बताया कि इस साल उनके यहां करीब चालीस प्रतिमाओं के आर्डर हैं। बताया कि देवी प्रतिमाओं की न्यौछावर 3500 से 8 हजार रुपए है।