फोटो10एचएएमपी 40- कांग्रेस नेता के आवास पर खड़ी पुलिस। संवाद
हमीरपुर। कांग्रेस प्रवक्ता उज्जवल पाठक ने भाजपा सरकार पर लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि शनिवार को प्रदेश की योगी सरकार ने उनके आवास पर पुलिस बल भेजकर उन्हें हाउस अरेस्ट करा दिया। आरोप है कि उन्हें दिल्ली में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ होने वाले प्रदर्शन में शामिल होने से रोकने के लिए यह कदम उठाया गया।
कांग्रेस नेता ने कहा कि देश में वोट चोरी, चुनाव को प्रभावित करने और जनादेश पलटने जैसे मुद्दों के खिलाफ राहुल गांधी संघर्ष कर रहे हैं। उज्जवल के मुताबिक, लोकतंत्र की रक्षा के लिए आवाज उठाना हर नागरिक का अधिकार है। इस कार्रवाई को अलोकतांत्रिक बताते हुए कहा कि इससे उनके मौलिक अधिकारों का हनन हुआ है। उन्होंने भाजपा सरकार के इस कदम पर सवाल उठाते हुए इसे अनैतिक करार दिया। सरकार उन्हें दिल्ली जाने से रोक सकती है लेकिन उनके भीतर के क्रांतिकारी कांग्रेसी विचारों और संघर्ष की भावना को दबा नहीं सकती।