उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में यूपी पुलिस के सिपाहियों की एक शर्मनाक करतूत सामने आई है। हमीरपुर में रोटी के पैसे मांगने हुई पिटाई के बाद दुकानदार को शिकायत करने मंहगा पड़ गया। रविवार देर रात दुकानदार का ढाबा ढहा दिया गया। कुरारा थानाक्षेत्र के जमरेहीऊपर गांव निवासी सुनील तिवारी ने बताया कि वह शहर में इद्दू बगीचा के पास रहते हैं।
वह फायर बिग्रेड के पास टट्टर में खाने का होटल किए हैं। पिछले शुक्रवार की रात करीब सवा नौ बजे पांच सिपाही आए और कहने लगे वह लोग नववर्ष मना रहे हैं। मुर्गा दारू का इंतजाम है। सिर्फ जल्दी से रोटी बनाकर देने को कहा। रोटी देने के बाद जब पैसे मांगे तो सिपाहियों ने उनके साथ अभद्रता कर उनकी स्कूटी व मोबाइल तोड़ दिया।
दुकानदार ने आरोप लगाया कि वर्दीधारी सिपाहियों ने उनके साथ मारपीट की और गोलक में रखे चार हजार रुपये व जेब से दो हजार रुपये निकाल लिए। धमकाया कि होटल चलाना है तो उन्हें बिना पैसों के खाना खिलाना होगा। नहीं तो फर्जी मुकदमे में जेल भिजवा देंगे। पीड़ित दुकानदार ने कहा कि मामले की शिकायत पर सीओ सदर ने दो सिपाहियों को भेज फोटोग्राफी करवाकर न्याय का भरोसा दिया था।
दुकानदार ने बताया रविवार रात करीब साढ़े 12 बजे चार नकाबपोश आए और गाली गलौज कर उनके होटल को तहस नहस कर दिया। सीओ सदर अनुराग सिंह ने बताया कि दुकानदार ने पांच सिपाहियों गौतम सिंह, नरेंद्र, नागेंद्र सिंह, रवि वर्मा व नंदलाल के खिलाफ शिकायती पत्र दिया है। इन सिपाहियों को जिले से बाहर स्थानांतरित करने की कार्रवाई की जा रही है। सभी सिपाही यूपी 112 व पुलिस लाइन के हैं।