मौदहा (हमीरपुर)। नगर के मंडी समिति में गल्ला लादने आए ट्रक चालक व खलासी की विषाक्त मछली खाने से हालत बिगड़ गई। जिसमें चालक की इलाज के दौरान सरकारी अस्पताल में मौत हो गई, जबकि खलासी की हालत सुधार है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बरेली जिला के रहने वाले बाबू मियां (30) पुत्र खालिक पेशे से ट्रक चालक हैं। वह रविवार सुबह खलासी प्रेम कुमार (40) के साथ कस्बे की गल्ला मंडी में मसूर लादने आए थे। रविवार दोपहर बाबू ने अपने खलासी प्रेम से चावल बनवाए और शनिवार शाम बनाई गई मछली के साथ दोनों ने खाया। खाना खाने के थोड़ी देर बाद ही बाबू व प्रेम को उल्टी होने लगी।
उनकी हालत बिगड़ते देख व्यापारी चंदन गुप्ता ने कस्बे के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान बाबू की मौत हो गई। सूचना मिलने पर मृतक के परिजन सरकारी अस्पताल पहुंचे। कोतवाली पुलिस ने शव को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है। मृतक अपने पीछे तीन बेटों समेत पत्नी को रोता छोड़ गए हैं। बड़े पुत्र सलीम ने बताया पिता कई वर्षों से ट्रक चलाते थे।