मुस्करा। कस्बे के कई मोहल्लों में एक माह से पेयजल आपूर्ति अनिश्चित होने से उपभोक्ताओं ने जल संस्थान के खिलाफ नाराजगी जताई और बिल भुगतान न करने की बात कही है।
कस्बे के चारथोक निवासी रामऔतार शुक्ला ने बताया कि उनका मकान प्राइमरी स्कूल के पास है। कुछ ऊंचाई होने पर कई महीनों से आपूर्ति सुचारू रूप से नहीं हो पा रही है। पेयजल संकट का सामना कर रहे हैं। सप्लाई आने पर बिजली न रहने से टिल्लू पंप भी नहीं चला पाते। शुक्लाना मोहल्ला निवासी अखिलेश सविता ने बताया कि पीने के पानी को भरने के लिए उन्होंने नल की टोटी जमीन से पांच फीट फीट नीचे गड्ढा कर लगवाई है। तब कहीं जाकर एक दो बाल्टी पानी मिल पाता है। कभी सुबह तो कभी शाम को कुछ देर ही सप्लाई आती है। बताया कि दो हैंडपंप हैं उनका पानी खारा है। कहा कि जल संस्थान द्वारा दिए गए बिल का भुगतान नहीं करेंगे।
जल संस्थान के नलकूप ऑपरेटर हल्कीराम ने बताया कि पीने के पानी की सप्लाई बिजली आपूर्ति पर टिकी है। बताया कि समय पर बिजली न होने से टंकी नहीं भर पा रही और यदि बिजली मिलती भी है तो ट्यूबवेल के सबमर्सिबल सुचारू रूप से चालू करने के लिए पर्याप्त वोल्टेज नहीं मिल पाता। जिसके चलते सप्लाई प्रभावित हो रही है।
हैंडपंप खराब, पेयजल संकट गहराया
भरुआसुमेरपुर। कस्बे का प्रमुख बाजार रामलीला मैदान के आसपास ही है। यहां लगे हैंडपंप से दुकानदारों के साथ आसपास से आने वाले ग्रामीणों की प्यास बुझती थी। व्यापारी महेंद्र लखेरा, मनोज गुप्ता, बिट्टन दीक्षित, पप्पू गुप्ता, राजकुमार सोनी, चित्रांशु खरे ने व्यापार मंडल अध्यक्ष महेश गुप्ता दीपू को अवगत कराया। इस पर उन्होंने व्यापारियों की समस्या से ईओ रवि यादव एवं जल संस्थान के रोहित चौरसिया को अवगत कराया है। अधिकारियों ने जल्द से जल्द हैंडपंप ठीक कराने का आश्वासन व्यापार मंडल अध्यक्ष को दिया है। (संवाद)