राठ (हमीरपुर)। हमीरपुर मार्ग पर गहरा चौकी के पास मंगलवार शाम दो बाइकों की आमने सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं उसकी पत्नी, मां सहित चार लोग घायल हुए हैं। मृतक हेलमेट पहने थे जो हादसे में सिर से निकल गया था।
मुस्करा थाने के बिहूनी गांव निवासी मनोज गुप्ता (55) मंगलवार को अपनी मां प्रेमवती व पत्नी सुमन के साथ कस्बा निवासी पारिवारिक दादी के निधन पर अस्थि पूजन कार्यक्रम में आए थे। शाम को तीनों बाइक से गांव जा रहे थे। हमीरपुर रोड पर सामने से आ रही बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में मनोज गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनकी मां, पत्नी व दूसरी बाइक सवार कस्बा निवासी जावेद पुत्र सबलू व मुबारक पुत्र हामिद खान गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस से सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां हालत नाजुक देख डॉक्टर राघव ने मेडिकल कालेज उरई रेफर कर दिया है। परिजनों ने बताया कि मनोज गुप्ता गांव में परचून की दुकान के साथ ही खेती बाड़ी कर परिवार का भरण पोषण करते थे। उनके दो बेटे कृष्णा व विकास हैं। कोतवाल दीपेंद्र सिंह ने कहा कि शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।