खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने छह नमूने भरे
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। होली नजदीक आते ही मिलावटी खोये का बाजार गर्म है। कानपुर से बड़े पैमाने पर यहां खोये की खेप भेजी जा रही है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने कानपुर-सागर हाईवे में चेकिंग कर यमुना पुल उस पार से आ रहे खोये की जांच की। मिलावट की आशंका पर सवा क्विंटल खोया नष्ट कराया है। छह नमूने भी भरे गए।
होली पर मांग बढ़ने से मिलावटी खोया तैयार होना शुरू हो गया है। शनिवार को यमुना पुल के पास टीम ने चेकिंग कर घाटमपुर (कानपुर नगर) से लाए जाने वाले खोये के विक्रेताओं को पकड़कर कार्रवाई की। किशोरी शरण मिश्रा, अमित कुमार व उपेंद्र उर्फ वीनू यादव से खोये का नमूना लेकर जांच के लिए लैब भेजा है। टीम ने जांच में मिलावट पाने पर सवा क्विंटल खोया नष्ट करा दिया। कुरारा कस्बे से आदित्य कुमार के प्रतिष्ठान से खोया व पनीर, रत्नेश कुमार के प्रतिष्ठान से पेड़ा, पनीर, देव कुमार प्रतिष्ठान से मिल्क केक व दूध बर्फी का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा है। जिला अभिहित अधिकारी रामऔतार ने बताया कि नमूनों की जांच रिपोर्ट आते ही नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
-
ऐसे से करें मिलावट की पहचान
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक खोया लेने के दौरान उसे हाथ से रगड़कर देखें। अगर मिलावटी है तो उसका फेट हाथ में लगने के साथ खुरदरा होता है। अच्छे खोये में चिकनापन होता है। खोया खरीदने जाएं तो आयोडीन का घोल लेकर जाएं। मिलावटी खोये पर डालते ही वह काला हो जाएगा।