फोटो17एचएएमपी 30- सरीला नगर पंचायत की जमीन कब्जामुक्त करते कर्मचारी। संवाद
सरीला (हमीरपुर)। न्यायालय के सख्त निर्देश पर नगर पंचायत सरीला की करोड़ों रुपये कीमत वाली बहुमूल्य भूमि पर दशकों पुराने अवैध कब्जे को प्रशासन ने बुलडोजर की मदद से हटवा दिया।
नगर पंचायत की गाटा संख्या 394, रकबा 0.206 हेक्टेयर भूमि पर अशोक प्रताप सिंह सहित कई लोग पिछले करीब तीन दशकों से कब्जा जमाए हुए थे। कब्जा हटाने के लिए नगर पंचायत ने पहले चकबंदी अधिकारी और बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी न्यायालय में वाद दायर किया, लेकिन वहां हार मिली। इसके बाद नगर पंचायत ने उपसंचालक चकबंदी न्यायालय, हमीरपुर में मजबूत पैरवी की। गहन जांच के बाद न्यायालय ने निचले न्यायालयों के फैसलों को रद्द करते हुए उपजिलाधिकारी सरीला और स्थानीय थाना पुलिस को कब्जा हटाने का आदेश दिया।
शनिवार को नायब तहसीलदार अखिलेश कुमार ने पुलिस फोर्स व नगर पंचायत टीम के साथ मौके पर पहुंचकर बुलडोजर से भूमि को मुक्त कराया। एसडीएम बलराम गुप्ता ने कहा कि नगर पंचायत की संपत्ति पर अवैध कब्जा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगा। न्यायालय के आदेश का पालन कराते हुए कार्रवाई की गई है। आगे भी ऐसी जमीनों पर सख्ती जारी रहेगी।