सरीला (हमीरपुर)। जरिया थाना क्षेत्र के अमूंद गांव में पुरानी रंजिश में चार बाइकों से पहुंचे आठ युवकों ने दिनदहाड़े हवाई फायरिंग कर दहशत फैला दी। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मामले में चार नामजद सहित आठ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई है।
अमूंद गांव के अरुण कुमार पुत्र जयपाल राजपूत ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह करीब 9.45 बजे गांव का राहुल पुत्र रमेश राजपूत अपने साथ रिगवारा खुर्द निवासी अब्बू उर्फ अभय पुत्र पिंटू, संजय पुत्र लाखन और रिगवारा कला निवासी हृदेश पुत्र बिहारी समेत चार अज्ञात युवकों को लेकर चार बाइकों से उसके घर के बाहर पहुंचा। आरोप है कि सभी ने गालीगलौज करते हुए विवाद शुरू कर दिया। शोर सुनकर ग्रामीण एकत्र हुए तो राहुल और अब्बू ने तमंचों से हवाई फायरिंग की और जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। दिनदहाड़े फायरिंग से गांव में दहशत फैल गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। थाना प्रभारी मनोज पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। आरोपियों के मोबाइल फोन बंद होने के कारण उनकी तलाश में दिक्कत आ रही है। कहा कि गांव में पुलिस निगरानी बढ़ाई गई है। (संवाद)