बिवांर। थानाक्षेत्र के न्यूरिया गांव निवासी पीड़ित मां ने बेटी के ससुरालीजनों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़ित मां सुकर्तिन पत्नी जसवीर ने बताया कि बेटी रश्मि उर्फ ज्योति की शादी जालौन के कदौरा थानाक्षेत्र के उदनपुर गांव निवासी लोकेंद्र यादव के साथ 15 जुलाई 2024 को हुई थी।
दामाद दिल्ली में इंजीनियर है। उसके पति की मौत हो चुकी है। वह अपनी कृषि भूमि बेचकर और रिश्तेदारों से कर्ज लेकर बेटी की शादी की थी। शादी के बाद से ही दामाद, समधी उमाशंकर, सचिन और ननद गौरा पांच लाख रुपये और कृषि भूमि दामाद के नाम करवाने की मांग करते हुए बेटी को प्रताड़ित करा रहे हैं। एक साल से बेटी मायके में है। थाना प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पति, देवर, ससुर व ननद के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।