राठ। बालू खदान घाट पर मजदूरी करने वालों को एक माह का मेहनताना नहीं मिला। आक्रोशित मजदूरों ने तहसील में नारेबाजी कर नायब तहसीलदार आकांक्षा मिश्रा को ज्ञापन सौंपा।
मझगवां थाने के गड़हर गांव निवासी श्रमिकों ने बताया कि वह सभी बालू खदान में मजदूरी करते हैं। बालू लोड करने में पहले दो सौ रुपये प्रति गाड़ी मजदूरी मिलती थी। जिसे अब घटाकर 50 रुपये कर दिया गया। विरोध करने पर गाली गलौज कर घाट से भगाने की धमकी दी जाती है। श्रमिकों ने बताया कि एक माह के काम का अभी तक भुगतान नहीं किया गया। आरोप लगाया कि ठेकेदार दबंगई के बल पर उनसे काम करा रहा है। एसडीएम को संबोधित ज्ञापन में मजदूरी का भुगतान कराने की गुहार लगाई है।
इस मौके पर नरेंद्र, मनीराम, नरेश, भूपेंद्र, जयसिंह, अतर सिंह, चरन सिंह, कमल, संतोष, अर्जुन, राजकुमार, प्रेमनारायण, लालाराम, अनिल, रामहेत, सुनील, प्रहलाद सहित करीब आधा सैकड़ा मजदूर मौजूद रहे।