राठ (हमीरपुर)। निर्माणाधीन मकान के ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन में सरिया छूने से राजमिस्त्री की करंट से मौत हो गई। मृतक के नाम पर पांच बीघा जमीन थी। इस पर खेती किसानी के साथ मजदूरी करते थे।
क्षेत्र के धमना गांव निवासी विनायक राजपूत ने बताया कि वह नगर के चरखारी रोड पर परिवार के साथ रहते हैं। पिता धरम सिंह राजपूत (38) राजमिस्त्री का काम करते थे। मलहौवा रोड निवासी जयकरन ने बताया कि सोमवार को राजमिस्त्री धरम सिंह के साथ मोहल्ले में भवन निर्माण में मजदूरी कर रहे थे।
करीब 11 बजे राजमिस्त्री सरिया उठाकर ऊपर लगाने लगे। तभी वहां से निकली हाईटेंशन लाइन में सरिया छूने से उन्हें करंट लग गया। 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
राजमिस्त्री के परिवार में पत्नी गोमती, बेटा विनायक व विनय है। कोतवाल उमेश कुमार सिंह ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।