हमीरपुर। जिला परिषद परिसर स्थित किराना दुकान के बाहर से नकदी और जरूरी दस्तावेजों से भरा बैग चोरी करने वाले युवक को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक लाख सात हजार 565 रुपये, बैग और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं।
सैयदवाड़ा निवासी किराना दुकानदार अखिल कुमार गुप्ता ने बताया कि बुधवार रात वह दुकान बंद कर रहे थे। इस दौरान एक युवक पहले काफी देर तक दुकान के आसपास घूमता रहा। बाद में वह मैगी लेने के बहाने दुकान पर पहुंचा। दुकानदार ने उसे बगल की दुकान पर भेज दिया। वहां से मैगी लेने के बाद युवक ने आइसक्रीम भी खरीदी और दुकानदार को बातचीत में उलझाए रखा।
इसी दौरान दुकान के बाहर रखा नकदी और दस्तावेजों से भरा बैग गायब हो गया। पीड़ित के अनुसार बैग में करीब 1.80 लाख रुपये, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक संबंधी दस्तावेज और अन्य जरूरी कागजात रखे थे। घटना का पता दो से तीन मिनट बाद चला।
पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की। रविवार को पुलिस ने सिटी फॉरेस्ट के पास से रमेड़ी निवासी आदित्य खरे (27) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया लेदर बैग, 1,07,565 रुपये नकद तथा आधार कार्ड, पैन कार्ड, चेकबुक, डेबिट कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी अकेले ही वारदात में शामिल था।
प्रभारी निरीक्षक राम आसरे सरोज ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर गिरफ्तारी की गई। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।