महोबा। तहसील कुलपहाड़ में आठ करोड़ की लागत से आवासीय भवन और फायर स्टेशन बनकर तैयार हो गया है।
गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसका वर्चुअल लोकार्पण करेंगे। तहसील कुलपहाड़ से जुड़े चार थानों के एक सैकड़ा से अधिक गांवों में आग की घटना होने पर त्वरित सहायता मिल सकेगी। साथ ही कर्मचारियों को रहने के लिए आवास भी आवंटित होंगे।
जिला मुख्यालय में फायर स्टेशन होने से 50 से 60 किमी दूर ग्रामीण क्षेत्रों में आग लगने पर दमकल गाड़ी महोबा से भेजी जाती थी। घटनास्थल तक पहुंचने में अधिक समय लगने के चलते तब तक सबकुछ जलकर राख हो जाता था। अब तहसील कुलपहाड़ में नए फायर स्टेशन व आवासीय भवनों का निर्माण कराया गया है। फायर स्टेशन से कोतवाली कुलपहाड़, अजनर, महोबकंठ और पनवाड़ी थाने के अंतर्गत आने वाले गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा।
कहीं भी अग्निकांड की घटना होने पर फायर बिग्रेड तत्काल मौके पर पहुंच आग पर काबू पा सकेगी, जिससे होने वाले नुकसान को कम किया जा सकेगा। फायर स्टेशन में तीन मंजिला आवासीय भवन तैयार किया गया है। इस भवन में 24 आवास बनाए गए हैं। गुरुवार को लोकार्पण के बाद इन आवासों को दमकलकर्मियों के लिए आवंटित किया जाएगा।
कर्मचारियों को इधर-उधर नहीं रहना पड़ेगा और वह आवासीय भवन में रहकर 24 घंटे ड्यूटी कर सकेंगे। प्रभारी अग्निशमन अधिकारी देवेश कुमार तिवारी ने बताया कि फायर स्टेशनों व आवासीय भवनों का मुख्यमंत्री वर्चुअल लोकार्पण करेंगे। इस दौरान जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहेंगे।
28जेएनडी05: व्यापारियों के साथ महाबीर कंप्यूटर। स्रोत व्यापार मंडल