हमीरपुर में थाना कुरारा क्षेत्र के बेतवा नदी पर संचालित मौरंग खदान में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट संजय कुमार मीणा ने खनिज सर्वेयर के साथ छापा मारा। छापे के दौरान खदान संचालक अपने पट्टे से हटकर खाली पड़े पट्टे में अवैध तरीके से पोकलैंड मशीनों से मौरंग की निकासी करते पकड़ा गया है। मौके से दो पोकलैंड मशीनें पकड़ी गई हैं। खनिज सर्वेयर ने थाने में संबंधित फर्म के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
विज्ञापन
खनिज सर्वेयर वेद प्रकाश शुक्ला ने बताया कि मंगलवार को थाना कुरारा के बेतवा नदी पर बेरी खंड 10-33 संचालित है। इसका संचालन न्यू प्रवीरा फर्म कर रही है। बताया कि अवैध खनन संबंधी मिल रही शिकायतों पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के साथ इस खदान पर छापेमारी की। बताया कि फर्म संचालन अपने पट्टे से हटकर खाली पड़े खंड में मौरंग की निकासी करते मिला। मौके पर दो पोकलैंड मशीनें ट्रकों पर मौरंग लोड करते मिलीं हैं। उन्होंने बताया कि अवैध रूप से निकाली गई मौरंग का आंकलन कराया जा रहा है। कहा कि इस पर भारी जुर्माना लगेगा।