पौथिया (हमीरपुर)। जयमाल के स्टेज पर किसी ने भी नहीं सोचा था कि दुल्हन अपने दूल्हे को वरमाला पहनाने के बजाए उस पर थप्पड़ों की बरसात कर देगी लेकिन सब ऐसा हुआ तो सभी की आंखें पटी रह गई। थप्पड़ की गूंज ने जनाती व बरातियों के बीच भी मारपीट करा दी। काफी देर बाद दोनों पक्षों में समझौता हुआ और विवाह की रस्में पूरी की गईं।
रविवार की रात स्वासा बुजुर्ग गांव निवासी रोशनी की बरात जालौन जिले के आटा थानाक्षेत्र के चमारी गांव से आई थी। देर रात करीब तीन बजे जब दूल्हे रविंद्र अहिरवार ने स्टेज पर दुल्हन के गले में जयमाला डाली तो मंगल गीतों के बीच सभी को लग रहा था कि अब रोशनी भी वर माला पहनाएगी लेकिन अगले ही पल रोशनी ने माला के बजाए दूल्हे पर थप्पड़ों की बारिश सी कर दी और स्टेज से चली गई। दुल्हन के बर्ताव से बराती भड़के तो जनातियों ने भी अपनी आस्तीनें समेट ली, फिर दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे, लाठी-डंडे चले। इसमें तीन-चार लोगों को चोटें भी आईं। शादी का पांडाल युद्व का मैदान सा नजर आने लगा। पुलिस भी पहुंच गई। इसके बाद पंचायत हुई और फिर शादी की रस्में पूरी कराई गईं।
रोशनी के चाचा गोपी ने बताया कि भतीजी पर भूत-प्रेत का चक्कर है। इसके लिए झाड़ फूंक कराते रहे हैं। रोशनी ने सभी से गलती मान ली है। दूल्हे के पिता ने बताया कि वह दुल्हन को विदा करा कर ले जाएंगे।