उपमंडल भोरंज के महल गांव में एक दर्दनाक हादसा पेश आया। पहाड़ी से मलबा रास्ते पर गिरने से वहां से गुजर रहा राहगीर मलबे की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसकी पहचान 56 वर्षीय कुलदीप चंद पुत्र लक्ष्मण सिंह के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने शनिवार सुबह मौके पर पहुंचकर लोक निर्माण विभाग, फायर ब्रिगेड और पुलिस को बुलाया
जेसीबी की सहायता से करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मलबे को हटाकर शव को बाहर निकाला जा सका। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के हवाले कर दिया। एसडीएम भोरंज एसके पराशर और तहसीलदार संजय कुमार ने पीड़ित परिवार को फौरी राहत के तौर पर दस हजार रुपये की सहायता प्रदान की। पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह पौने दस बजे कुलदीप चंद अपने घर से महल बाजार गया और इसके बाद वह पुल की तरफ निकल गया। पुल से पहले पैदल रास्ते के बीच एक पहाड़ी क्षेत्र है
जब कुलदीप इस पैदल रास्ते से गुजर रहा था तो अचानक पहाड़ी से मलबा खिसककर उनके ऊपर आ गिरा। मलबे के नीचे दबकर कुलदीप चंद की मौत हो गई। लेकिन किसी की भी नजर उन पर नहीं पड़ी। दोपहर तक जब कुलदीप चंद वापस घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उन्हें पूरे गांव, बाजार और रिश्तेदारों के यहां ढूंढा। लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बाद में उन्होंने पुलिस में उनके लापता होने की शिकायत दर्ज करवाई। महज बाजार के लोगों ने बताया कि उन्होंने सुबह कुलदीप को बाजार में देखा था और उसके बाद वह पुल की ओर निकले थे
शनिवार को जब लोग पुल की ओर गए तो उन्हें पहाड़ी से मलबा गिरा हुआ दिखा। इस पर आशंका जताई गई कि कहीं कुलदीप चंद मलबे के नीचे तो नहीं दब गया। इस पर प्रशासन ने जेसीबी के सहायता से मलबा हटाया तो शव बाहर निकला। कुलदीप की मौत से गांव में शोक की लहर है।