इंगोहटा गांव में चोरी की घटना के बाद खेतों में बिखरा पड़ा सामान।
- फोटो : HAMIRPUR
भरुआसुमेरपुर। क्षेत्र के इंगोहटा गांव में चोरियों का सिलसिला नहीं थम रहा है। चोरों के हौसले इतने बुलंद है कि पुलिस चौकी से दस कदम दूर कच्चे मकान में सेंध लगाकर लाखों के जेवर और नगदी उठा ले गए। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर घटना से अवगत कराया है।
इंगोहटा में चोरों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। अब तक दर्जनों छोटी-बड़ी चोरियां हो चुकी हैं। पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई न करने का खामियाजा ग्रामीण भोग रहे हैं। गुरुवार की रात को पुलिस चौकी के पास लक्ष्मीकांत विश्वकर्मा के घर में सेंध लगाकर चोर अंदर घुस गए और लाखों के जेवरात और नगदी उठा ले गए। सुबह देखा तो कपड़े खेतों में पड़े थे। पीड़ित की पत्नी सोमवती ने पुलिस को तहरीर देकर बताया
कि रात में घर के सभी लोग सो रहे थे। तभी पीछे की कच्ची दीवार में सेंध लगा कर चोर 50 ग्राम सोना, 250 ग्राम चांदी के आभूषण तथा दस हजार रुपये चुरा ले गए। पीड़िता की तहरीर पर चौकी पुलिस ने मौका मुआयना किया है।
ग्रामीणों ने बताया कि आदिल, मुनीर, भूरा, पुलिस फालोवर शिवशरण सोनकर, अर्जुन कुशवाहा, दुलीचन्द साहू, लक्ष्मीकांत, भगवानदीन, सुरेश द्विवेदी, राजू गुप्ता के यहां छोटी बड़ी दर्जनों चोरियां हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस एक भी चोरी का खुलासा नहीं कर पाई है। गांव के लोग एसपी के अलावा आईजी से भी फरियाद लगा चुके हैं।