सुमेरपुर पीएचसी का निरीक्षण करते एड़ी स्वास्थ्य डा.गर्ग।
- फोटो : HAMIRPUR
भरुआसुमेरपुर। संयुक्त स्वास्थ्य निदेशक (एडी) ने कस्बे के नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। अव्यवस्थाएं पाए जाने पर उन्होंने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी समेत स्वास्थ्य कर्मियों को फटकारा। उन्होंने यहां पर अटैच दो डाक्टरों को कड़ी हिदायत दे तैनाती स्थल पर ड्यूटी करने के निर्देश दिए है। एडी की फटकार से स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मचा है।
संयुक्त स्वास्थ्य निदेशक डा. गर्ग ने मंगलवार देर शाम स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। सफाई से लेकर टीकाकरण आदि की व्यवस्था सही न पाए जाने पर उन्होंने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डा. महेश चंद्रा को फटकारा। पीएचसी में अटैच डा. अलीम व डा. तरुण पाल के उपस्थित पंजिका में हस्ताक्षर न पाए जाने पर कड़ी नाराजगी जाहिर कर दोनों को मूल तैनाती स्थल पर ड्यूटी के निर्देश दिए। बतादें डा. अलीम पचखुराबुजुर्ग व डा. तरूण पाल मौहर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात है। मगर दोनों कभी वहां नहीं जाते हैं।
यह दोनों प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फार्मासिस्टों के भरोसे संचालित हो रहे हैं। एडी को अन्य तमाम खामियां मिली हैं। जिस पर उन्होंने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी से जवाब तलब किया है। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डिप्टी सीएमओ डा. महेश चंद्रा ने बताया एडी को निरीक्षण में कुछ खामियां मिली हैं। उनके आदेशानुसार व्यवस्था को ठीक कराया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान वह दो घंटे स्वास्थ्य केंद्र में मौजूद रहे।