सदर अस्पताल के वार्ड में भर्ती मरीज। संवाद
- फोटो : HAMIRPUR
हमीरपुर। बदलते मौसम में डायरिया का प्रकोप बढ़ा है। दो दिनों में रमेड़ी व अन्य मोहल्लों के डायरिया से पीड़ित बीस लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिला अस्पताल में सोमवार को मरीजों की काफी भीड़ रही। सदर अस्पताल में सोमवार को सात सौ मरीजों ने पर्चे बनवाए। जिसमें अधिकांश को उल्टी-दस्त की शिकायत थी।
बीते सप्ताह रमेड़ी मोहल्ले में दूषित पेयजल आपूर्ति होने से लोगों को उल्टी-दस्त की शिकायत हुईं थी। चार दिनों में करीब एक सैकड़ा से अधिक पीड़ितों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया जा चुका है। डायरिया की शिकायत पर सीएमओ डा. अशोक कुमार रावत टीम के साथ लोगों का हाल जानने के साथ क्लोरीन व ओआरएस का वितरण कराया था। हालांकि अब यहां स्थित सामान्य है।
इसके बावजूद रविवार और सोमवार को रजनी, शालनी, भागवती, अवध, अरविंद सभी निवासी रमेड़ी समेत 20 लोगों को भर्ती किया गया है। इसके अलावा अन्य मोहल्लों के पीड़ित हैं। सीएमएस डा. विनय प्रकाश ने बताया सोमवार को सात सौ पर्चे ओपीडी के लिए बनाए गए हैं। डा. आरएस प्रजापति व डा. राधेरमन गुप्ता के कक्ष में मरीजों की दोपहर तक लाइन लगी रही। डा. आरएस प्रजापति ने बताया बदलते मौसम में लोगों को खानपान पर विशेष ध्यान देना चाहिए।