हमीरपुर। बुखार से पीड़ित मरीजों की मंगलवार को जिला अस्पताल में भीड़ रही। इनमें बुखार से 55 मरीजों को वार्ड में भर्ती कराया गया। ज्यादातर मरीज बुखार, खांसी, जुकाम व सिरदर्द के रहे।
जिला अस्पताल के चिकित्सकों के मुताबिक एक माह से वायरल का प्रकोप जारी है। वहीं जिला अस्पताल में एलीजा किट से डेंगू की भी जांच हो रही है। जिसमें डेंगू के भी कई मरीज निकल चुके हैं। मंगलवार को अस्पताल में 1032 मरीजों ने पर्च बनवाए। जिनमें 223 मरीजों ने खून की जांच कराई। जांच कक्ष ओपीडी के साथ पर्चा व जांच कक्ष में मरीजों और तीमारदारों की भीड़ रही।
फिजीशियन डॉ. आरएस प्रजापति ने बताया 188 मरीजों का उपचार किया है। बताया वायरल बुखार के 158 मरीज देखे गए हैं। जिसमें 45 मरीजों को वार्ड में भर्ती किया गया है। वहीं बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. राधेरमन गुप्ता ने बताया वायरल बुखार के 334 बच्चे देखे गए हैं। 10 बच्चों को वार्ड में भर्ती कराया गया है।
वहीं मंगलवार को जिला अस्पताल में डेंगू के लक्षणों वाले पांच मरीजों की जांच हुई। जिसमें अस्पताल में तीन लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। सीएमएस डा. विनय प्रकाश ने बताया डेंगू लक्षण वाले मरीजों की जांच एलीजा किट से की जा रही है। मरीजों में रमेड़ी निवासी सुमित (18), राजमानी (28) विवेक नगर आशफाक (55) परेड कालोनी हैं।