राठ। चोरों ने शिक्षक के घर से लाखों के जेवर व नकदी पार कर दी। पुलिस ने दो दिन बाद घटना की रिपोर्ट दर्ज की है। घटना से संबंधित कुछ फुटेज भी पुलिस को मिले हैं।
पठानपुरा मोहल्ला निवासी परिषदीय विद्यालय के शिक्षक रमेशचंद्र ने बताया कि 26 जनवरी की शाम वे रिश्तेदारी के विवाह समारोह में गए थे। इसी बीच घर में घुसे चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखी सोने की 10 चूड़ियां, 8 अंगूठी, 2 टीका, 2 नथ, झुमकी, तीन जोड़ी कान के आभूषण, दो जंजीर, एक हार, चांदी की पायल सहित करीब आधा किलो चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। घर पर रखे बीस हजार रुपये भी चोर ले गए। शिक्षक के मुताबिक चोरी गए जेवरात की कीमत करीब 11 लाख रुपये होगी।
बताया कि गुरुवार को चोरी की घटना की तहरीर दी थी, लेकिन पुलिस नेे जांच कर उसे टरका दिया था। शुक्रवार को साथी शिक्षकों के साथ कोतवाली पहुंचे तब पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। शिक्षक ने पुलिस को बताया कि उनके व पड़ोसी के घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में एक चोर दिखाई भी दे रहा है। कोतवाल आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि फुटेज के आधार पर घटना के खुलासे का प्रयास किया जा रहा है।