मुस्करा। कस्बा के एक बाजार में रविवार रात दुकान का ताला काटते समय पुलिस पहुंच गई। पुलिस को देखते ही चोर भाग निकले। पुलिस अब सुराग के आधार पर उनकी छानबीन कर रही है।
कस्बा निवासी राहुल गुप्ता ने बताया कि जिला परिषद मार्केट में मेरी मोबाइल व कपड़े की दुकान है। वहां पिता बैठते हैं। शाम को वह दुकान बंद कर घर चले गए। रात में मार्केट में चोर दाखिल हुए। दुकानों के बाहर लगे बल्ब निकाल कर फेंक दिए। मेरी मोबाइल दुकान के शटर पर लगे तालों को काट रहे थे। अचानक उसी वक्त गश्त करती पुलिस पहुंच गई। पुलिस देखते ही चोर भाग निकले। राहुल ने घटना की तहरीर पुलिस को दी।
कहा कि कस्बे में हो रही चोरी की वारदातों से दुकानदारों व कस्बावासियों में दहशत है। ठंड का फायदा उठाकर चोर पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं। अभी दो दिन पहले चोरों ने एक किराना व्यापारी की दुकान से करीब 50 हजार रुपये चुरा लिया था। थानाध्यक्ष चित्रसेन सिंह ने बताया कि पुलिस के पहुंचने से चोरी की घटना बच गई। चोरों की तलाश कराई जा रही है।